समस्तीपुर: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड 39 में घर बंद कर रिश्तेदार के यहां गयी महिला के घर से करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर अमरजीत कुमार शर्मा की पत्नी आरती कुमारी ने मुफ्फसिल थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
रिश्तेदार के यहां गयी थी महिला, लौटने पर खुला मिला दरवाजा
पुलिस को दिये आवेदन में आरती कुमारी ने बताया कि वह एक सितंबर को अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चकसिकंदर स्थित रिश्तेदार के घर गयी थी. घर के कमरे में ताला लगा हुआ था.
सोमवार रात जब वह परिवार के साथ वापस अपने घर पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला. अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. इसके बाद सामान की जांच की गयी तो आभूषण गायब होने की जानकारी मिली.
चार भर सोने के आभूषण और चांदी की पायल गायब
आरती कुमारी के अनुसार, कमरे से सोने की चेन, जितिया, ढोलना, चकती समेत करीब चार भर सोने के आभूषण चोरी हुए हैं. इसके अलावा 22 और 18 भर के चांदी के दो जोड़े पायल भी गायब हैं.
पीड़िता ने चोरी गये सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बतायी है.
पूछताछ के दौरान विवाद का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद जब उसने अपने देवर और देवरानी से इस संबंध में पूछताछ की तो दोनों गालीगलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गये. इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की.
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है. आवेदन के आलोक में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
गौतम कुमार ने संभाला समस्तीपुर नगर निगम के नगर आयुक्त का पदभार, ज्ञान प्रकाश को विदाई
