समस्तीपुर: मोरवा प्रखंड के हलई थाना क्षेत्र की बनवीरा पंचायत के वार्ड 4 में शराब के खिलाफ छापेमारी के बाद प्रशासनिक वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. घटना को लेकर मद्यनिषेध विभाग के दरोगा मुकेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें आठ लोगों को नामजद करने के साथ 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
शराब के खिलाफ छापेमारी के बाद हुई थी घटना
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले शराब के खिलाफ छापेमारी की गयी थी. छापेमारी के बाद मौके पर जुटे लोगों पर प्रशासनिक वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप है. अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नामजद आरोपियों के साथ अज्ञात लोगों में भी कार्रवाई को लेकर चिंता बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.
कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े विभिन्न साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है. मामले के अनुसंधानकर्ता दरोगा सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
हालांकि, मामले में वरीय अधिकारियों का सुपरविजन अभी होना बाकी है.
नामजद आरोपी घर से फरार, अब तक गिरफ्तारी नहीं
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद आरोपी फिलहाल अपने घर से फरार बताये जा रहे हैं. इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
