Samastipur: ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दंपति की मौत

समस्तीपुर के आतापुर गांव के एक दंपति की बेगूसराय में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि एक साल की मासूम बच्ची के भविष्य को लेकर लोगों में चिंता है.

Samastipur Accident News: जिले के आतापुर गांव के एक दंपति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में मालीपुर स्थित तारा पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया.

मृतकों की पहचान आतापुर गांव निवासी गजेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र संकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी निशा कुमारी के रूप में हुई है. दोनों अपनी करीब एक वर्षीय पुत्री के साथ रोसड़ा थाना क्षेत्र के कलवारा गांव जा रहे थे.

मौके पर ही चली गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा थी कि मृतका निशा कुमारी गर्भवती थीं.

बताया जा रहा है कि संकेश कुमार सिंह नेटवर्किंग कंपनी से जुड़े थे और निजी चिकित्सा क्षेत्र में भी उनका कार्य था.

एक साथ दो मौतों से गांव में मातम

घटना की खबर मिलते ही आतापुर गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. गांव के लोग इस बात से स्तब्ध थे कि एक ही परिवार के पति-पत्नी की एक साथ मौत हो गई.

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

हादसे के बाद पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोग उग्र हो गए. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ और डीएसपी कुंदन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को उचित मुआवजा और ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया.

फरार चालक की तलाश जारी

पुलिस ने ट्रक के नीचे फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.

समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >