Samastipur: दरवाजे पर बैठी महिला को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में तेज रफ्तार बाइक ने घर के बाहर बैठी महिला को कुचल दिया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

दरवाजे पर बैठी थी महिला

घटना महमदीपुर पंचायत के मनियर गांव की बताई जा रही है. मृतका की पहचान वार्ड संख्या-7 निवासी अशोक कुमार साह की 28 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे रिंकू देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं. इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

इलाज के दौरान हुई मौत

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया.

हालांकि देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक चालक घबराकर वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

फिलहाल पुलिस फरार बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >