गर्भवती महिला को बेकाबू ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, 2 मासूम घायल

समस्तीपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला की कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

Samastipur Road Accident: हथौड़ी थाना क्षेत्र के रहटौली गांव में बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित मालवाहक ट्रक ने सड़क पर टहल रही गर्भवती महिला और उसके दो मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना गांव के पास से गुजरने वाले रोसड़ा-हथौड़ी मुख्य मार्ग पर हुई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया.

सुबह बच्चों के साथ टहलने निकली थी महिला

मृतका की पहचान रहटौली गांव निवासी रौशन कुमार सहनी की 25 वर्षीय पत्नी अंकिता गुप्ता के रूप में की गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकिता सुबह अपने दो छोटे बच्चों के साथ गांव की मुख्य सड़क पर टहल रही थीं. इसी दौरान रोसड़ा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित टाटा 407 ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ट्रक के नीचे आ गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.

निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए दोनों मासूम बच्चे

हादसे में महिला के साथ चल रहे दोनों बच्चे छिटककर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बच्चों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. परिजनों ने बताया कि मृतका गर्भवती थी और उसके पहले से तीन बच्चे (एक पुत्री व दो पुत्र) हैं. मृतका के पति रौशन कुमार परदेस में रहकर मजदूरी करते हैं और घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे.

सड़क जाम कर मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग

हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.

नाराज ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया. प्रदर्शनकारी फरार ट्रक चालक की अविलंब गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.

पुलिस ने ट्रक जब्त किया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही हथौड़ी थानाध्यक्ष मौसम कुमारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं.

पुलिस पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम समाप्त करवाकर यातायात बहाल किया. थानाध्यक्ष मौसम कुमारी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टाटा 407 ट्रक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.

यह भी पढ़ें: बारिश का पानी अब नहीं जाएगा बेकार, मुजफ्फरपुर में बनेंगे चेक डैम, खेतों को मिलेगा पानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >