समस्तीपुर में QRT जवानों को दिया गया टीयर गैस फायर का प्रशिक्षण, कराया गया लक्ष्याभ्यास

समस्तीपुर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग ने QRT जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया है. इसमें टीयर गैस फायर और लक्ष्याभ्यास का अभ्यास शामिल है.

समस्तीपुर: जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस विभाग की ओर से क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित दुधपुरा हवाई अड्डा मैदान में QRT जवानों को टीयर गैस फायर का प्रशिक्षण और लक्ष्याभ्यास कराया गया. प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया.

भीड़ नियंत्रण और दंगा जैसी स्थिति से निपटने का अभ्यास

प्रशिक्षण का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सुनील कुमार ने किया. इसमें जिले के सभी अनुमंडलों की QRT टीम से दो-दो जवानों ने हिस्सा लिया.

प्रशिक्षण के दौरान जवानों को सबसे पहले टीयर गैस के तकनीकी इस्तेमाल की जानकारी दी गयी. उन्हें बताया गया कि भीड़ नियंत्रण और दंगा जैसी परिस्थितियों में टीयर गैस का इस्तेमाल कब और किस तरीके से किया जाना चाहिए.

इसके बाद दंगा नियंत्रण जैसी स्थिति तैयार कर जवानों से कार्रवाई का अभ्यास कराया गया. विषम परिस्थितियों में तेजी से निर्णय लेने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने को लेकर भी जवानों को प्रशिक्षित किया गया.

प्रत्येक जवान ने किये दो-दो राउंड फायर

प्रशिक्षण के अगले चरण में जवानों ने टीयर गैस गन से लक्ष्याभ्यास किया. प्रत्येक जवान को दो-दो राउंड फायर कराया गया. इस दौरान जवानों की प्रतिक्रिया क्षमता और लक्ष्य की सटीकता पर विशेष ध्यान दिया गया.

पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सुनील कुमार ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विषम परिस्थितियों में पुलिस जवानों की प्रतिक्रिया क्षमता और सटीकता को बेहतर करना है. आपात स्थिति में QRT टीम कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सके, इसी उद्देश्य से नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

पुलिस लाइन की QRT टीम का भी हुआ था अभ्यास

सुनील कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए समय-समय पर लक्ष्याभ्यास कराया जाता है. एसपी के निर्देश पर पिछले महीने पुलिस लाइन की QRT टीम का भी विशेष अभ्यास कराया गया था.

पुलिस विभाग का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण से जवानों की दक्षता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर तरीके से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, दो चोरों समेत सामान खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >