व्यवहार न्यायालय से पेशी के दौरान चकमा देकर फरार हुआ पॉक्सो एक्ट का विचाराधीन कैदी

समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय से सोमवार को पॉक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन कैदी रोशन कुमार उर्फ साजन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सघन तलाशी अभियान चलाया गया. सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

Samastipur Court News: स्थानीय व्यवहार न्यायालय में सोमवार को पेशी के लिए लाया गया एक विचाराधीन बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, डीआईयू टीम और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे न्यायालय परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

पॉक्सो कोर्ट में पेशी से पहले हुआ फरार

फरार बंदी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव निवासी रोशन कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है. वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में करीब एक वर्ष से मंडल कारा में बंद था. सोमवार को उसे स्थानीय व्यवहार न्यायालय स्थित पॉक्सो कोर्ट में सुनवाई के लिए लाया गया था.

जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद कोर्ट हाजत की पुलिस उसे अभिरक्षा में लेकर पॉक्सो कोर्ट पहुंची. आरोप है कि कोर्ट कक्ष में पेश करने से पहले पुलिसकर्मियों ने उसकी हथकड़ी खोली और उसे बाहर बैठाया. इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के तुरंत बाद कोर्ट परिसर के सभी निकास मार्गों पर पुलिस तैनात कर दी गई. नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, डीआईयू टीम और अन्य पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया. साथ ही न्यायालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

संभावित ठिकानों पर छापेमारी

अधिवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि रोशन कुमार उर्फ साजन के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है और इसी मामले में वह न्यायिक हिरासत में था. पुलिस ने आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है तथा फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गौरतलब है कि इससे पहले भी समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से बंदियों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ताजा घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >