उजियारपुर: स्कूल परिसर से मिला देसी कट्टा, शिक्षक-छात्रों में मचा हड़कंप

उजियारपुर के एक स्कूल से देसी कट्टा मिलने से हड़कंप मच गया. छात्र की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई. इस घटना ने स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Ujiarpur News: थाना से करीब एक किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय परिसर से सटे महंथ नारायण दास उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को देसी कट्टा मिलने से हड़कंप मच गया. विद्यालय परिसर में हथियार मिलने की सूचना से शिक्षक और छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई. सूचना पर पहुंची उजियारपुर थाना पुलिस ने देसी कट्टा बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

छात्र की नजर पड़ी तो सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार विद्यालय में कक्षाएं चल रही थीं. इसी दौरान एक छात्र शिक्षक से अनुमति लेकर लघुशंका के लिए पीछे गया. वहां उसकी नजर खिड़की के पास पड़े एक देसी कट्टा पर पड़ी. छात्र ने तत्काल इसकी जानकारी शिक्षक को दी. इसके बाद सभी शिक्षक मौके पर पहुंचे और मामले की पुष्टि होने पर स्थानीय जिला परिषद सदस्य अरुण कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया.

इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार राय ने उजियारपुर थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देसी कट्टा बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया.

विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न रास्तों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस विद्यालय में पढ़ने आते हैं. इन रास्तों पर असामाजिक तत्वों और मनचलों की आवाजाही बढ़ने की शिकायत पहले भी सामने आती रही है. साथ ही कुछ छात्रों के बीच गुटबाजी की भी बात कही जा रही है.

प्रधानाध्यापक अरुण कुमार राय ने पुलिस प्रशासन से विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने विद्यालय परिसर में हथियार फेंकने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बरामद देसी कट्टा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार विद्यालय परिसर में कैसे पहुंचा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >