बैंक से निकाले थे घर बनाने के पैसे, पलभर में बाइक सवार बदमाश लेकर हुए फरार

समस्तीपुर के कौवा चौक पर एक व्यक्ति से दिनदहाड़े ₹1 लाख की लूट हुई। बैंक से पैसे निकालकर खरीदारी करने रुके व्यक्ति से बाइक सवार बदमाशों ने झोला छीन लिया। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत हलई थाना क्षेत्र के कौवा चौक पर बुधवार को दिनदहाड़े एक लाख रुपये की लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. बैंक से रुपये निकालकर खरीदारी करने रुके एक व्यक्ति से अपाचे बाइक सवार दो बदमाश रुपयों से भरा झोला छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे चकलालशाही की ओर भागने में सफल रहे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

बैंक से रुपये निकालने के बाद हुई वारदात

जानकारी के अनुसार धर्मपुर बांदे पंचायत निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ गनौर सिंह ने कौवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से घर की ढलाई के लिए एक लाख रुपये निकाले थे. बैंक से निकलने के बाद वह एक दुकान पर खरीदारी करने के लिए रुके थे. इसी दौरान उजले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और रुपयों से भरा झोला झपटकर फरार हो गए.

लोगों ने किया पीछा, लेकिन भाग निकले बदमाश

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे मुख्य सड़क होते हुए चकलालशाही की दिशा में फरार हो गए. पीड़ित ने बताया कि बाइक पर दो युवक सवार थे, जिनमें से एक ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर शिक्षा विभाग में तबादले के बाद सम्मान समारोह, नए डीपीओ का हुआ स्वागत

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम और हलई थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बैंक ऑफ इंडिया शाखा सहित कौवा चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है. लोगों ने पुलिस से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर शिक्षा विभाग में तबादले के बाद सम्मान समारोह, नए डीपीओ का हुआ स्वागत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj kumar verma

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >