Samastipur News: मोरवा प्रखंड के इंदिरा गांधी डिग्री कॉलेज, निकसपुर के अधिग्रहण की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक रणविजय साहू ने कॉलेज के अधिग्रहण की मांग उठाई, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया. सरकार की ओर से कहा गया कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा की ओर से कॉलेज के अधिग्रहण का कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे में फिलहाल अधिग्रहण संभव नहीं है.
Morwa News: विधानसभा में उठा कॉलेज का मुद्दा
विधायक रणविजय साहू ने विधानसभा में कहा कि मोरवा प्रखंड के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है. उन्होंने इंदिरा गांधी डिग्री कॉलेज को सरकारी अधिग्रहण कर छात्रों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की. हालांकि सरकार ने विश्वविद्यालय से प्रस्ताव नहीं मिलने का हवाला देते हुए मांग अस्वीकार कर दी.
46 वर्षों से चल रहा है कॉलेज
स्थानीय लोगों के अनुसार इंदिरा गांधी डिग्री कॉलेज पिछले करीब 46 वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है. कॉलेज के अध्यक्ष तारणी प्रसाद राय के नेतृत्व में संस्थान लगातार संचालित हो रहा है. लोगों का कहना है कि भवन, संसाधन और शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद कॉलेज को सरकारी मान्यता नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है.
क्षेत्र के लोगों में निराशा
सरकार के जवाब के बाद क्षेत्र के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षाविदों में निराशा है. लोगों का कहना है कि राज्य सरकार ने प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की थी. जिले के कई प्रखंडों में भवन नहीं होने के बावजूद कॉलेज शुरू हो चुके हैं, जबकि मोरवा का पुराना संस्थान अब भी अधिग्रहण की प्रतीक्षा कर रहा है.
यह भी पढ़ें:रोसड़ा में केंद्रीय विद्यालय की मांग विधानसभा में उठी, विधायक ने सरकार से की अनुशंसा की अपील
