Samastipur News: सरायरंजन प्रखंड के कल्याणपुर गांव की होनहार छात्रा भावना झा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) में पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. भावना ने 613 अंक प्राप्त करते हुए 99.66 पर्सेंटाइल हासिल किया. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1125 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) में देशभर में 83वीं रैंक मिली है. उनकी सफलता से परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
Sarairanjan News: मैट्रिक और इंटर में भी किया था शानदार प्रदर्शन
भावना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पीसीएस, खालिसपुर (सरायरंजन) से पूरी की. मैट्रिक और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में उन्होंने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा गईं, जहां नियमित अध्ययन के साथ यूट्यूब और अन्य डिजिटल शैक्षणिक प्लेटफॉर्म का भी उपयोग कर अपनी तैयारी को मजबूत किया.
डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना है लक्ष्य
भावना ने बताया कि उनका सपना शुरू से ही डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं में मिली सफलता से आत्मविश्वास बढ़ा और कोटा में मिले सही मार्गदर्शन तथा लगातार मेहनत की बदौलत वह अपने लक्ष्य के करीब पहुंच सकीं.
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
भावना के पिता संजीव कुमार झा एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं, जबकि माता मोनी कुमारी गृहिणी हैं. भावना ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के विश्वास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया. उन्होंने कहा कि आगे भी पूरी लगन से मेडिकल की पढ़ाई कर एक उत्कृष्ट चिकित्सक बनने का प्रयास करेंगी.
गांव में खुशी का माहौल
भावना की उपलब्धि पर गांव के लोगों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी.
