Samastipur News: मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस ने बाढ़ थाना क्षेत्र के बिचला मलाही गांव से वर्षों से फरार चल रहे हत्यारोपी चंदन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. चंदन कुमार सिंह वर्ष 2021 में सीएसपी कर्मी ओमनाथ चौधरी की लूट के बाद गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी है.
लूट के बाद गोली मारकर की गयी थी हत्या
पुलिस के अनुसार, थाना कांड संख्या 105/21 के तहत 19 मई 2021 को सीएसपी कर्मी ओमनाथ चौधरी के साथ लूट की घटना हुई थी. बाइक सवार अपराधियों ने रुपए लूटने के बाद ओमनाथ चौधरी को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गयी थी.
घटना के बाद स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी थी.
अन्य आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक, सीएसपी कर्मी हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. हालांकि, चंदन कुमार सिंह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था.
पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी. इसी क्रम में उसके बिचला मलाही गांव में मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गयी.
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा
मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने फरार हत्यारोपी चंदन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गयी.
पूछताछ के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें
सरायरंजन में 1000 लीटर शराब लदा पिकअप जब्त, मुख्य कारोबारी गिरफ्तार
