बाढ़ पीड़ितों से मिले नित्यानंद राय, सामुदायिक किचन में लापरवाही पर FIR की चेतावनी

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने समस्तीपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की. उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण किया और सामुदायिक किचन में किसी भी लापरवाही पर FIR की चेतावनी दी. क्षेत्र को जल्द बाढ़ प्रभावित घोषित करने का आश्वासन दिया गया है.

समस्तीपुर: प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति के बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना. उन्होंने बांध और ऊंचे स्थानों पर शरण लिए अलग-अलग परिवारों से मुलाकात कर राहत कार्यों की जानकारी ली. मऊ गंज स्थित अमरसिंह बाबा स्थान पहुंचकर उन्होंने राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं.

बाढ़ पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने भोजन, राहत सामग्री समेत बाढ़ से उत्पन्न विभिन्न समस्याओं को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा. नित्यानंद राय ने कहा कि क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की कार्रवाई की जाएगी. मंत्री के आश्वासन के बाद बाढ़ की मार झेल रहे लोगों में राहत की उम्मीद जगी.

महिलाओं ने सुनाई अपनी परेशानी

राहत शिविर में मौजूद महिलाओं ने भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपने और गांव की समस्याएं रखीं. उन्होंने राहत सामग्री, भोजन की उपलब्धता तथा बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों से उन्हें अवगत कराया. मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.

सामुदायिक किचन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मंत्री

केंद्रीय मंत्री ने राहत शिविरों में संचालित सामुदायिक किचन की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये. उन्होंने एसडीओ किशन कुमार से स्पष्ट कहा कि सामुदायिक किचन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

उन्होंने सुबह का भोजन हर हाल में 10 बजे तक बाढ़ पीड़ितों और बच्चों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी या अनियमितता सामने आने पर संबंधित किचन संचालक या ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाये.

मंत्री ने एसडीओ को सामुदायिक किचन की व्यवस्था की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया.

अधिकारियों ने दी बाढ़ की स्थिति की जानकारी

केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान एसडीओ किशन कुमार, विद्यापतिनगर बीडीओ महताब अंसारी, थाना प्रभारी सूरज कुमार, सीओ कुमार हर्ष सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे. अधिकारियों ने क्षेत्र में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित लोगों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी.

चार पंचायत के 14 गांव जलमग्न

प्रखंड की चार पंचायत बालकृष्णपुर मड़वा, शेरपुर, मऊ दक्षिण और बाजिदपुर के गंगा नदी से सटे इलाकों में बाढ़ का असर है. कुल 14 गांव बाढ़ की चपेट में हैं. प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ सहायता शिविर की व्यवस्था की गयी है, जहां पेयजल, भोजन और प्रकाश की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है. एसडीओ किशन कुमार हर दिन इन व्यवस्थाओं की पड़ताल करते देखे जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें

शराब तस्करी मामले में युवती के मोबाइल से खुलेंगे कई राज, जांच में जुटी पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >