Kalyanpur News: चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर में हुए प्रभात चौधरी हत्याकांड में कोर्ट में समर्पण करने के बाद दो आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है. सोमवार को चकमेहसी पुलिस ने विशनपुर थाना क्षेत्र के डघरौल निवासी अखिलेश राय और बाजरा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्याकांड से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं.
शराब कारोबार में लेनदेन को लेकर हुई थी अदावत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने प्रभात चौधरी के साथ शराब कारोबार में लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात बतायी. इसी अदावत के कारण हत्या किए जाने की बात सामने आयी है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक आरोपी ने प्रभात चौधरी की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जबकि दूसरे ने हत्या में शामिल होने से इनकार किया है. पुलिस दोनों के बयानों का सत्यापन कर रही है.
दोहरे हत्याकांड में एक हत्या की बात स्वीकारी
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से दोहरे हत्याकांड को लेकर भी जानकारी ली गयी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में एक आरोपी ने एक हत्या करने की बात स्वीकार की, जबकि दूसरे ने हत्या से खुद को अलग बताया.
पुलिस अब आरोपियों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पुलिस को अनुसंधान में मिली अहम जानकारी
मामले को लेकर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को चकमेहसी पुलिस ने रिमांड पर लिया है. पूछताछ के दौरान हत्या के अनुसंधान में अहम और मुख्य जानकारी प्राप्त हुई है.
हालांकि, उन्होंने कहा कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है. इसी कारण फिलहाल पुलिस की ओर से इससे जुड़ी अन्य जानकारी साझा करने से इनकार किया गया है.
हत्या के कारणों और भूमिका की जांच जारी
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अब हत्या में उनकी वास्तविक भूमिका, शराब कारोबार से जुड़े विवाद और दोहरे हत्याकांड में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है. पुलिस आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी के 30 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटरों को मिला नया भवन, ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद
