मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 889 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चार तस्कर नामजद

समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 889.92 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में चार तस्करों को नामजद किया गया है। पुलिस का शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है।

Samastipur News: समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर टारा मोहल्ला स्थित एक कर्कटनुमा घर के सामने पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 889.92 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है.

103 कार्टन में मिली ऑफिसर च्वाइस ब्रांड की शराब

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात रात्रि गश्ती दल को सूचना मिली थी कि जितवारपुर टारा वार्ड संख्या-5 स्थित एक घर के समीप भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई है.

पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही धंधेबाज फरार हो गए. तलाशी के दौरान ईंट और कर्कट से बने एक घर के सामने बरामदे में प्लास्टिक के अंदर छिपाकर रखी गई ऑफिसर च्वाइस ब्रांड की 103 कार्टन शराब बरामद हुई.

जब्त शराब में 4,944 पाउच मिले, जिनकी कुल मात्रा 889.92 लीटर बताई गई है.

चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए सुजीत राय, प्रीतम कुमार, मनीष कुमार तथा पंकज राय उर्फ लुक्सी को नामजद आरोपित बनाया है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >