कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अलर्ट, सांप-बिच्छू से बचाव के लिए सख्त निर्देश

मानसून की शुरुआत के साथ ही समस्तीपुर के 25 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. सांप और विषैले जीवों की सूचनाओं के बाद विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं.

Samastipur News: मानसून की शुरुआत के साथ ही जिले के सभी 25 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन ने सभी विद्यालयों के संचालकों, वार्डनों और प्रभारी वार्डनों को पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा है.

सांप और विषैले जीवों की सूचना के बाद जारी हुआ निर्देश

विभाग के अनुसार, वर्षा शुरू होने के बाद कुछ कस्तूरबा विद्यालयों के हॉस्टल और परिसर में सांप, बिच्छू एवं अन्य विषैले कीड़े-मकोड़े निकलने की सूचनाएं मिली थीं. निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालय परिसरों में सामान भी अव्यवस्थित पाया गया, जिस पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही माना.

झाड़ियों की सफाई और जलजमाव रोकने के निर्देश

जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों और खर-पतवार की नियमित कटाई करानी होगी, ताकि विषैले जीवों को छिपने का स्थान न मिले. साथ ही परिसर में जलजमाव नहीं होने देने और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

खिड़कियों पर मजबूत जाली और रोजाना ब्लीचिंग का छिड़काव

छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल और विद्यालय भवन की सभी खिड़कियों, रोशनदानों और खुले स्थानों पर मजबूत लोहे की जाली लगाना अनिवार्य किया गया है. जहां जालियां क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके अलावा हॉस्टल के कमरे, रसोईघर, शौचालय, स्नानघर और अनाज भंडार कक्ष की प्रतिदिन सफाई के साथ नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का भी आदेश दिया गया है.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

डीपीओ शुभम कसौधन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित वार्डन और जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >