Kalyanpur Girl Death: समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में 13 वर्षीय किशोरी की लाश ने सनसनी फैला दी है. मधुरापुर टारा पंचायत के वार्ड संख्या 12 में करीब 13 वर्षीय किशोरी निशा कुमारी की लाश घर के पीछे अमरूद के पेड़ से लटकती मिली. ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को पेड़ से नीचे उतारकर रख दिया गया था. घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जतायी है.
पेड़ और घर के बीच महज 2-3 फीट की दूरी
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस अमरूद के पेड़ से किशोरी की लाश लटकती मिली, वह घर से महज दो से तीन फीट की दूरी पर है. इसी वजह से घटना की परिस्थितियों को लेकर लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं.
सूचना मिलने के बाद कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया. घटनास्थल पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है.
प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका, FSL टीम बुलाई गयी
थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एसआई मंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है. उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
घटनास्थल पर FSL की टीम को बुलाया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. पुलिस ने कहा है कि आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
पहली पत्नी से हुई थी निशा, पिता करते हैं मजदूरी
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गुंजा पासवान की पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है. गुंजा पासवान प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं.
बताया गया कि उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र निशांत और दूसरी बेटी निशा थी. करीब तीन वर्ष पूर्व गुंजा पासवान ने दूसरी शादी मुनचुन कुमारी से की थी.
सौतेली मां पर मारपीट के आरोप
निशा की मौत के बाद ग्रामीणों ने उसकी सौतेली मां के व्यवहार को लेकर सवाल उठाये हैं. ग्रामीणों के अनुसार, मुनचुन कुमारी ने कथित तौर पर निशा पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की थी. स्थानीय लोगों ने बच्ची के साथ अक्सर मारपीट किये जाने की भी बात कही है.
हालांकि, ये ग्रामीणों और परिजनों की ओर से लगाए गये आरोप हैं. इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस कर रही सौतेली मां से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने सौतेली मां मुनचुन कुमारी से भी पूछताछ शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
घटनास्थल पर मौजूद मृतका के दादा विष्णु पासवान भी काफी भावुक नजर आये. किशोरी की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी की मौत फांसी लगाने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर ओवरब्रिज पर वन-वे खत्म, दोनों तरफ से छोटे वाहनों का परिचालन शुरू; भारी वाहनों पर रोक
