Samastipur News: विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव के निकट सोमवार को एनएच 122 बी पर जेसीबी की ठोकर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार उनकी विधवा बेटी गंभीर रूप से घायल हो गयी. मृतक की पहचान बंगराहा गांव निवासी स्व. रामचंद्र राय के पुत्र सुरेश राय (55) के रूप में हुई है. घायल उनकी बेटी रीना देवी बतायी गयी है, जो चमथा गांव की रहने वाली है.
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच 122 बी जाम कर दिया. सूचना पर विद्यापतिनगर और बछवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया. इससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गयी.
परिजनों ने जताया हत्या का शक
मृतक की बेटी ने हादसे को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है. उसने आरोप लगाया कि उसके पिता को एक दिन पहले मोबाइल पर हत्या की धमकी दी गयी थी. परिजनों के अनुसार, मृतक के दामाद की करीब दो माह पहले हत्या कर दी गयी थी. इसी मामले में सुरेश राय अपनी विधवा बेटी रीना देवी को बाइक से लेकर बछवाड़ा थाना जा रहे थे.
पांच घंटे बाद खत्म हुआ सड़क जाम
पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयास के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा गया. इसके बाद करीब पांच घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त कराया गया. घायल रीना देवी के बयान के बाद प्राथमिकी दर्ज किये जाने की बात परिजनों ने कही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
एक अन्य हादसे में वृद्ध की मौत
रविवार देर रात थाना क्षेत्र के एनएच 122 बी स्थित राजचौक के निकट बाइक की ठोकर से एक वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान साहिट वार्ड संख्या 11 निवासी अशर्फी चौरसिया (70) के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया.
यह भी पढ़ें: बीडीओ से मारपीट पर आक्रोश, विरोध में काली पट्टी बांधकर किया काम
