Samastipur Bithan News: बिथान के स्थानीय बाजार स्थित धर्मशाला में शुक्रवार को खगड़िया सांसद राजेश वर्मा का क्षेत्र के लोगों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम हुआ. इसमें ग्रामीण एवं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सांसद के समक्ष प्रमुखता से रखा. लोगों ने बिथान डिग्री कॉलेज, सड़क, रेल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया.
बिथान मुख्यालय में डिग्री कॉलेज के स्थायी निर्माण की मांग
जनसंवाद में लोगों ने कहा कि बिथान प्रखंड मुख्यालय में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद डिग्री कॉलेज का वर्ग संचालन मुख्यालय से बाहर किया जाना छात्र-छात्राओं के हित में नहीं है. लोगों ने डिग्री कॉलेज का स्थायी निर्माण एवं संचालन बिथान मुख्यालय में कराने की मांग की.
बिथान-ठठेरवा सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया. लोगों ने कहा कि यह सड़क दशकों से बदहाल है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है. इसके अलावा बिथान बाजार-सखवा सड़क निर्माण और बाजार में उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन शुरू कराने की मांग रखी गयी.
बाजार के वार्ड पांच में दशकों से खराब सड़क का जल्द निर्माण कराने का भी आग्रह किया गया.
रेल सुविधाओं में विस्तार की उठी मांग
लोगों ने बिथान-कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना के निर्माण में तेजी लाने की मांग की. इसके साथ ही बिथान से समस्तीपुर के लिए सुबह नयी ट्रेन चलाने, ट्रेन संख्या 09031/32 का परिचालन बिथान से शुरू कराने और बिथान स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर स्थापित करने की मांग भी रखी गयी.
सांसद ने सड़क निर्माण और रेल परियोजना पर दिया भरोसा
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि बिथान बाजार की करीब 1.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण पहले चरण में जल्द कराया जायेगा. उन्होंने डिग्री कॉलेज के स्थायी निर्माण को बिथान मुख्यालय में सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करने की बात कही.
उन्होंने कहा कि बिथान-कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना उनके कार्यकाल में पूरी होकर चालू हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जायेगा. बिथान से समस्तीपुर नयी ट्रेन के परिचालन के लिए भी जल्द प्रयास करने का आश्वासन दिया.
सांसद ने चंदौली प्राथमिक विद्यालय को मध्य विद्यालय में उत्क्रमित कराने के लिए विभाग से बात कर जल्द कार्रवाई कराने की बात कही.
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सिंघी ने किया. मौके पर सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल, हसनपुर सांसद प्रतिनिधि बैद्यनाथ झा, एमएलसी प्रतिनिधि अरविंद महतो, भाजपा अध्यक्ष शिवशंकर कुशवाहा, सूरज जायसवाल, संजय गुप्ता, आलोक कुमार, मनोज अग्रवाल, आकाश कुमार, पूर्व मुखिया कैलाश राय, अंजनी मुखिया, दिलीप टेबड़ीवाल, कृष्णा टेबड़ीवाल, भाजपा जिला मंत्री रामबालक कुशवाहा, लालू राउत, अमरजीत यादव मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, नाव, एसडीआरएफ और मेडिकल कैंप की तैयारी
