इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना की शुरुआत, बाल वैज्ञानिकों को मॉडल बनाने के लिए मिलेंगे 10 हजार रुपये

समस्तीपुर में इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना 2026-27 के तहत छात्रों के नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है. स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं 30 जुलाई तक होंगी, और सर्वश्रेष्ठ 5 विचारों को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा.

Inspire Award Samastipur:  जिले के सरकारी, निजी और अनुदानित विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना (सत्र 2026-27) की शुरुआत हो चुकी है. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

30 जुलाई तक स्कूलों में होगी नवाचार प्रतियोगिता

निर्देशानुसार जिले के सभी मान्यता प्राप्त मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को 30 जुलाई 2026 तक विद्यालय स्तर पर नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करने का आदेश दिया गया है. इस प्रतियोगिता के जरिए दैनिक जीवन और सामाजिक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने वाले श्रेष्ठ 05 नवाचारों का चयन हर स्कूल से किया जाएगा.

15 सितंबर तक पोर्टल पर अपलोड होंगे विचार

विद्यालय स्तर पर चयनित 05 सर्वश्रेष्ठ आइडिया को स्कूल के प्रधानाध्यापक या नोडल शिक्षक 15 सितंबर 2026 तक इंस्पायर अवार्ड के आधिकारिक पोर्टल (www.inspireawards-dst.gov.in) पर अनिवार्य रूप से अपलोड करेंगे. जिन स्कूलों का पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें जल्द रजिस्ट्रेशन पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

मॉडल बनाने के लिए खाते में आएंगे 10 हजार रुपये

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्राप्त नवाचारों की समीक्षा की जाएगी. चयनित विद्यार्थियों को उनके आइडिया का प्रोटोटाइप मॉडल बनाने के लिए 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी से भेजी जाएगी. अधिकारियों को अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा गया है.

ये भी पढ़ें: ट्रेन में धुआं उड़ाना पड़ेगा महंगा, महिला कोच में घुसने पर लगेगा भारी जुर्माना


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >