Samsatipur : आग से कई घर जले, लाखों की संपत्ति हुई राख

गुरुवार को शिवाजीनगर, सरायरंजन और पुसा में हुई अगलगी में कई घर जल गये और लाखों की संपत्ति की क्षति हो गयी है.

Samsatipur : बढ़ती गर्मी ने जिले में अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है. भीषण गर्मी की वजह से जिले में अगलगी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो गयी है. गुरुवार को शिवाजीनगर, सरायरंजन और पुसा में हुई अगलगी में कई घर जल गये और लाखों की संपत्ति की क्षति हो गयी है. स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध करायी है. साथ ही क्षति का आकलन कर जल्द ही क्षतिपुर्ति दिलाने का आश्वासन दिया है. Samsatipur : शिवाजीनग प्रखंड की रहियार उतर पंचायत के वार्ड एक गुलराही गांव में गुरुवार दोपहर मेंआग लगने से 13 घर राख हो गये. ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया सूचना पर 112 की टीम व राजस्व कर्मचारी मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली. इस घटना में घर में रखे लाखों मूल्य के बाइक, कपड़े, पलंग, चौकी, अनाज, पेटी-बक्सा, नगद रुपये व घरेलू सामान जल गया. ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर में लोग अपने खेतों से गेहूं काटकर घर आये थे. अचानक एक घर से तेज धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते धुआं ने आग का विकराल रूप धारण कर लिया. आग ने 13 घरों को अपनी आगोश में ले लिया. जब तक लोग घरों से भाग कर शोर मचाते लाखों मूल्य के सामान जलकर राख हो गये. पीड़ितों में गौरी यादव, रामानंद यादव, योगानंद यादव, धर्मेंद्र यादव, अनिल यादव, सुनील यादव, शिवशंकर यादव, शांति देवी, राजेंद्र यादव, देवचंद्र यादव, विभा देवी, सुमन कुमार व रामबाबू यादव शामिल हैं. राजस्व कर्मचारी ने क्षति रिपोर्ट तैयार कर वरीय पदाधिकारी को सूचना दी है. सीओ वीणा भारती ने पीड़ित परिवार को तत्काल प्लास्टिक कीट उपलब्ध कराने को कहा है. मौके पर संजय सहनी, राजेश कुमार, ताराकांत आदि मौजूद थे. सरायरंजन. घटहो थाना क्षेत्र के खजुटिया गांव के वार्ड चार में गुरुवार दोपहर तीन सिलेंडर फटने से चार घर जलकर राख हो गये. इसमें लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जल गयी. ग्रामीणों ने निजी पंप सेट चला कर आग पर काबू पाया. ग्रामीणों ने बताया कि गैस पर रामविलास साह के घर में खाना बन रहा था. अचानक सिलेंडर फट गया. इससे घर में आग लग गई. अग्नि पीड़ित परिवार में रामविलास साह, मनोज साह, सरोज साह, आमोद साह शामिल हैं. थानाध्यक्ष मंजुला मिश्रा की सूचना पर दमकल की मदद से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया. पूर्व पंसस राजीव रंजन एवं गुंजन कुमार चौधरी ने अग्नि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं घटहो थाना में दमकल की उपलब्धता की मांग की है. दलसिंहसराय. प्रखंड की केवटा पंचायत के वार्ड 15 में गुरुवार को बिजली शार्ट सर्किट से विजेंद्र राय के घर में आग लग गयी. इसमें हजारों रुपये मूल्य के कपड़े, राशन, बर्तन जल गये. जिपा हेमलता कुमारी ने निजी कोष से मदद की. मौके पर मुखिया पति नीरज कुमार ठाकुर, रामचन्द्र राम, रवि कुमार, राजाराम राय, लालू महतो, अनिल दास, रेखा देवी मौजूद थे. मोहनपुर. थाना क्षेत्र के जौनापुर के दियारे में गुरुवार को अगलगी में एक एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गये. वहीं भूसे बनाने के लिए दस एकड़ में छोड़े गये गेहूं की पराली में आग के भेंट चढ़ गये. आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी. गेहूं की कटनी कर रहे किसानों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. अग्निशमन कर्मियों व ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी. पीड़ित किसान के रूप में अर्जुन सिंह की पहचान की गयी है. राजस्व कर्मी घटना स्थल पर पहुंच कर क्षति का आकलन किया. पूसा . वैनी थाना के चंदौली डोरापार वार्ड नौ में गुरुवार की दोपहर एक घर में अचानक आग लग गई. तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया. जानकारी मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया. इस घटना में किसान रामबली राय, पप्पू राय, कृष्णदेव राय एवं ब्रह्मदेव राय के बथान में बने घर और उसमें रखे सामान जलकर खाक हो गये. इसमें तीन पशुओं की मौत हो गयी. आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DIGVIJAY SINGH

DIGVIJAY SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >