घोषलेन के युवक की संदिग्ध मौत, महिला पर हत्या का आरोप

समस्तीपुर के घोषलेन निवासी युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतिनिधि, समस्तीपुर: नगर थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार स्थित घोषलेन मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मंगलवार की देर शाम एक महिला गंभीर अवस्था में युवक को लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान घोषलेन मोहल्ला निवासी कालीचरण साह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और महिला पर हत्या का आरोप लगाते हुए नगर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने बताया कि सूरज कुमार गुदरी बाजार में श्रृंगार सामग्री की थोक दुकान चलाता था. सोमवार सुबह वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. मंगलवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि सूरज को एक महिला गंभीर हालत में सदर अस्पताल लेकर पहुंची है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस महिला के साथ सूरज था, उसी ने उसकी हत्या की है. घटना की सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. बताया जाता है कि महिला की ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुधपुरा छोटी बाजार में है, जबकि उसका मायका मुजफ्फरपुर जिले में है. महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. बताया जाता है कि महिला के पति चंदन कुमार गुदरी बाजार की एक दुकान में काम करते थे. इसी दौरान उनकी दोस्ती सूरज कुमार से हुई. दोस्ती के कारण सूरज का चंदन के घर आना-जाना शुरू हुआ और इसी क्रम में सूरज एवं चंदन की पत्नी के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए. बताया जाता है कि दोनों करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे. लगभग एक माह पूर्व दोनों घर छोड़कर चले गए थे. बाद में दोनों पक्षों के परिजनों के दबाव पर अपने-अपने घर लौट आए. इसके बाद महिला अपने मायके में रहने लगी. महिला का दावा है कि उसने सूरज कुमार से शादी कर ली थी, जबकि सूरज के परिजन इस दावे को पूरी तरह गलत बता रहे हैं. दूसरी ओर, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, महिला से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा. नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया. आवेदन मिलते ही अग्रतर कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Prem kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >