समस्तीपुर: मोरवा के हलई थाना क्षेत्र स्थित दरबा पंचायत के अकौना गांव में हुई रघुवीर साहनी की हत्या का मामला 10 दिन बाद भी चर्चा में बना हुआ है. हत्या के मामले में मृतक के बेटे शिव शंकर और उसकी पत्नी मनीषा को नामजद किया गया है. हालांकि घटना के दस दिन बीत जाने के बाद भी दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
पत्नी ने बेटे और बहू पर दर्ज कराई एफआईआर
मृतक की पत्नी रामकली देवी ने हलई थाना में दर्ज प्राथमिकी में अपने बेटे शिव शंकर और बहू मनीषा पर पति की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नामजद आरोपी शिव शंकर पुलिस की लगातार दबिश के कारण गांव छोड़कर फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
न्याय की आस लगाए बैठी हैं रामकली देवी
पति की हत्या के बाद रामकली देवी गहरे सदमे में हैं. उनका कहना है कि उन्होंने न्याय की उम्मीद में प्राथमिकी दर्ज कराई है और उन्हें भरोसा है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे तक पहुंचाएगी.
इलाके में बनी हुई है चर्चा
घटना के बाद से अकौना गांव में यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. ग्रामीण भी पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बारिश में बिथान बाजार बना तालाब, जलजमाव और गड्ढों से लोगों का चलना हुआ मुश्किल
