अवैध हथियार बेचने पहुंचे पॉलिटेक्निक छात्र को ग्रामीणों ने पकड़ा, पिटाई के बाद गंभीर हालत में पटना रेफर

समस्तीपुर में अवैध हथियार बेचने आए इंजीनियरिंग छात्र को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी पटना रेफर।

Illegal Arms Racket: समस्तीपुर जिले अंतर्गत विभूतिपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर टभका बेला टोला गाछी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां अवैध हथियार (देसी कट्टा) बेचने पहुंचे एक पॉलिटेक्निक छात्र को स्थानीय ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों की पिटाई से आरोपी छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

बैग से देसी कट्टा, कारतूस और पढ़ाई का सामान बरामद

विभूतिपुर थाने में तैनात सअनि (ASI) मनोज कुमार चौधरी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गश्ती के दौरान 31 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार के साथ बंधक बना रखा है.पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो देखा कि सैकड़ों ग्रामीणों ने युवक को घेर रखा था. तलाशी लेने पर उसके बैग से 1 देसी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस बरामद की गईं.

सिविल इंजीनियरिंग का छात्र निकला आरोपी

पकड़े गए युवक की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना अंतर्गत पिपरा देवास निवासी अजय कुमार सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है.पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह किशनपुर टभका स्थित 'कामेश्वर नारायण सिंह राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज' में सिविल इंजीनियरिंग के 5वें सेमेस्टर का छात्र है.

3 कट्टे बेचने आया था, दो बेच चुका था

पूछताछ में छात्र ने स्वीकार किया कि वह अपने इलाके से कम कीमत पर हथियार लाकर समस्तीपुर में सप्लाई करता था. उसने बताया कि वह कुल तीन देसी कट्टे और कारतूस बेचने के इरादे से आया था

  • दो कट्टे: उसने चंदन चौधरी और कन्हैया कुमार नाम के युवकों को पहले ही बेच दिए थे.
  • तीसरा कट्टा: जब वह तीसरे हथियार को बेचने का प्रयास कर रहा था, तब ग्रामीणों को उस पर शक हो गया और उन्होंने उसे दबोच लिया.

स्थिति गंभीर, पटना रेफर; पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी

ग्रामीणों की पिटाई से जख्मी अमित कुमार को पुलिस ने अपनी कस्टडी में लेकर तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विभूतिपुर में भर्ती कराया. स्थिति चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल समस्तीपुर और फिर वहां से पटना रेफर कर दिया. पुलिस ने अस्पताल में उसकी सुरक्षा के लिए दो चौकीदार और एक सिपाही तैनात किया है.मामले की पुष्टि करते हुए विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब हथियार खरीदने वाले आरोपियों (चंदन चौधरी और कन्हैया कुमार) की गिरफ्तारी और हथियार सप्लाई के इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >