Vidyapatinagar News: विद्यापति प्लस टू उच्च विद्यालय, मऊ बाजिदपुर (दक्षिण) परिसर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय में शनिवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी.
अधिकारियों ने मतदान के महत्व पर किया संबोधित
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि 136 सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, बीडीओ महताब अंसारी, अंचलाधिकारी कुमार हर्ष, राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर निर्वाचन साक्षरता क्लब का शुभारंभ किया.
अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में मतदान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता फैलाना है. उन्होंने छात्रों से मतदान के अधिकार और उसकी जिम्मेदारी को समझने तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की.
निर्वाचन आयोग के नियमों की दी जानकारी
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग के नियम-कानून, संवैधानिक प्रावधान और मताधिकार के महत्व की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं.
प्रतियोगिताओं में दिखा छात्रों का उत्साह
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगोली, पेंटिंग, निबंध, क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया. चयनित प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.
विद्यालय के प्राचार्य अमित भूषण ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि शिक्षक राजीव कुमार ने संचालन किया. कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार दास, शिक्षक कुमार रंजन तथा बीआरसी की ओर से कुमार रंजन सहित अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
