Bank Technical Glitch: थाना क्षेत्र की नौआचक पंचायत के गांवपुर वार्ड-13 निवासी एक बुजुर्ग उस समय गहरे सदमे और असमंजस में पड़ गए, जब उन्हें पता चला कि उनके साधारण बैंक खाते में अचानक 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये 78 पैसे की विशाल धनराशि जमा हो गई है. जानकारी के अनुसार, वृद्धा पेंशनधारी भरत ईश्वर गत 10 जुलाई को सरकार द्वारा मिलने वाली अपनी पेंशन की मामूली राशि निकालने के लिए पास के ही एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी यानी मिनी बैंक शाखा) पहुंचे थे. वहाँ सीएसपी संचालक ने कंप्यूटर स्क्रीन देखकर उन्हें खाते में अरबों रुपये मौजूद होने की हैरतअंगेज जानकारी दी.
अरबों की रकम सुनकर कांपने लगे बुजुर्ग, कार्रवाई का सताने लगा डर
यह सुनते ही बुजुर्ग भरत ईश्वर बुरी तरह घबरा गए और उन्हें डर सताने लगा कि कहीं इतनी बड़ी अज्ञात रकम उनके खाते में आने के कारण पुलिस उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न कर दे. डर के मारे वे बिना पैसे लिए घर पहुंचे और पूरी आपबीती अपने बेटे को बताई. इसके बाद डरे-सहमे परिजन आनन-फानन में बुजुर्ग को लेकर संबंधित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा पहुंचे. वहाँ मुख्य शाखा प्रबंधक ने बुजुर्ग के खाते के पूरे स्टेटमेंट और डिजिटल रिकॉर्ड की गहनता से जांच की. जांच के बाद जो हकीकत सामने आई, उसने सबको हैरत में डाल दिया.
खाते में सिर्फ 500 रुपये, सीएसपी के सिस्टम में थी तकनीकी खराबी
शाखा प्रबंधक रोहित कुमार ने स्पष्ट किया कि पासबुक और बैंक के मुख्य रिकॉर्ड की जांच में खाते में केवल 500 रुपये ही उपलब्ध पाए गए हैं. बैंक ने साफ किया कि खाते में किसी भी प्रकार की अरबों रुपये की राशि नहीं आई है. उन्होंने बताया कि संभवतः सीएसपी केंद्र में कोई बड़ी तकनीकी त्रुटि, गलत एंट्री या सिस्टम की गड़बड़ी के कारण स्क्रीन पर इतनी बड़ी राशि प्रदर्शित हो गई होगी. मैनेजर ने परिजनों को आश्वस्त किया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. बैंक की इस आधिकारिक पुष्टि के बाद बुजुर्ग और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली.
ये भी पढ़ें: ताजपुर में दुस्साहसिक चोरी से गुल हुई बत्ती, भीषण उमस में पानी को तरसे ग्रामीण
