Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड स्थित जीएमआरडी कॉलेज, मोहनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को किया गया. इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की बुरी लत से दूर रखना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना है. कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
मुखिया रणवीर राय ने की सराहना, बघड़ा को नशा मुक्त बनाने का संकल्प
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुखिया रणवीर राय ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज के समय में गांव-गांव में युवाओं के भविष्य को दीमक की तरह बर्बाद कर रहा है. उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन का यह प्रयास बेहद सराहनीय है. पंचायत की ओर से हम इस महत्वपूर्ण अभियान में एनएसएस इकाई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और अपने क्षेत्र के बघड़ा गांव को पूरी तरह से नशा मुक्त पंचायत बनाएंगे.
प्राचार्य प्रो. विधान चंद्र भारती बोले- स्वस्थ युवा ही सशक्त भारत का आधार
अध्यक्षीय संबोधन देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विधान चंद्र भारती ने कहा कि एक स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत का निर्माण कर सकता है. कॉलेज केवल किताबी शिक्षा या डिग्री देने वाला संस्थान नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण का मुख्य केंद्र है. उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के कम से कम 10 अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें.
अगले 100 दिनों तक गांव-गांव में चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान
कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. लक्ष्मण यादव ने किया. उन्होंने इस अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जानकारी दी कि अगले 100 दिनों तक एनएसएस इकाई द्वारा गांव-गांव में विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इसके तहत रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और विशेष योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जा सके
यह भी पढ़ें...NH-28 पर कंटेनर ट्रक में लगी भीषण आग, कॉस्मेटिक सामान जलकर खाक, चालक और खलासी ने कूदकर बचाई जान
