Sonpur DRM Inspection: सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित शरण ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, विकास कार्यों और साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने एक सराहनीय मानवीय पहल करते हुए ट्रेन की लेटलतीफी से परेशान परीक्षार्थियों को अपनी विशेष ट्रेन से परीक्षा केंद्र के नजदीकी स्टेशन तक पहुंचाया.
विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की सख्त हिदायत
डीआरएम अमित शरण ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन रेल कोच रेस्टोरेंट के कार्यों की प्रगति देखी और इसे तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में पोर्च (प्रोर्टिको) के अधूरे निर्माण को शीघ्र खत्म करने को कहा. टिकट बुकिंग काउंटर पर यात्रियों व कर्मियों की सुविधा के लिए एयर कंडीशनर (एसी) लगाने तथा अन्य लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया.
निरीक्षण की मुख्य बातें और दिए गए निर्देश
- यात्री सुविधाएं: प्रतीक्षालय, शौचालय और स्टेशन पर प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और सुधार के निर्देश दिए.
- कोच रेस्टोरेंट: स्टेशन पर बन रहे आधुनिक रेल कोच रेस्टोरेंट का काम जल्द पूरा करने की बात कही.
- बुकिंग काउंटर: यात्रियों की सहूलियत के लिए बुकिंग काउंटर में एसी लगाने के निर्देश दिए.
डीआरएम ने स्पेशल ट्रेन से परीक्षार्थियों को पहुंचाया
निरीक्षण के दौरान स्थानीय एएनडी कॉलेज के दर्जनों छात्र-छात्राएं दलसिंहसराय में परीक्षा देने जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. नियमित ट्रेन के काफी विलंब होने के कारण छात्रों का पेपर छूटने का खतरा बन गया था. छात्र-छात्राओं ने अपनी परेशानी से डीआरएम को अवगत कराया. समस्या की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम ने संवेदनशीलता दिखाई और सभी परीक्षार्थियों को अपनी निरीक्षण स्पेशल ट्रेन में बैठाकर विद्यापतिनगर स्टेशन तक सुरक्षित पहुंचाया. इससे सभी छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके. डीआरएम की इस त्वरित और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की.
ये भी पढ़ें: लापरवाही और आदेश की अवहेलना पर राजस्व विभाग का एक्शन, सीओ मोनी कुमारी पर गिरी गाज
