Samastipur News: समस्तीपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन (SDCA) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय क्रिकेट अंपायर सेमिनार शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. सेमिनार में जिले के विभिन्न पंजीकृत क्रिकेट क्लबों से नामित अंपायरों और प्रशिक्षकों ने भाग लिया. प्रशिक्षण का उद्देश्य अंपायरों को नवीनतम MCC Laws 2026 Cricket और BCCI Playing Conditions की जानकारी देकर जिले में होने वाली प्रतियोगिताओं में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण अंपायरिंग सुनिश्चित करना था.
आधुनिक क्रिकेट नियमों की दी गई विस्तृत जानकारी
बीसीए ए-ग्रेड पैनल अंपायर एवं राज्य प्रशिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को क्रिकेट के सभी 42 नियमों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने नो-बॉल, वाइड, डेड बॉल, अपील, रन आउट, स्टंपिंग, कैच, पावरप्ले, डीआरएस की अवधारणा और मैच संचालन की तकनीकी बारीकियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया.
26 जुलाई को होगी जिला स्तरीय ग्रेडेशन परीक्षा
एसडीसीए के सचिव सोनू झा ने बताया कि जिले में बढ़ती क्रिकेट प्रतियोगिताओं को देखते हुए प्रशिक्षित अंपायरों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को बनारस स्टेट प्रांगण में जिला स्तरीय क्रिकेट अंपायर ग्रेडेशन परीक्षा आयोजित होगी. इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की राज्य स्तरीय अंपायर परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
निष्पक्ष अंपायरिंग को मिलेगा बढ़ावा
अंपायर प्रशिक्षण समिति के कन्वेनर अश्वनी कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण से अंपायरों की निर्णय क्षमता मजबूत होगी और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में नियमों का सही अनुपालन सुनिश्चित होगा. उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच खेल भावना और पारदर्शिता भी मजबूत होगी.
प्रतिभागियों ने निभाई सक्रिय भूमिका
सेमिनार में विभूति गौतम, बिट्टू कुमार, पिंटू कुमार, सतीश कुमार, विजय कुमार, अभिषेक कुमार सहित जिले के कई अंपायरों और प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई. आयोजन के सफल संचालन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने सभी प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर बंद 2026 LIVE अपडेट: बंदी को लेकर प्रशासन अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिसबल तैनात
