Musrigharari Mahadev Temple: सावन की पहली सोमवारी पर सरायरंजन प्रखंड के मुसरीघरारी चौक स्थित प्रसिद्ध महादेव मंदिर में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध हो गए. पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
सुबह सबसे अधिक रही भीड़
सुबह के समय मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. श्रद्धालुओं ने अपनी बारी का इंतजार करते हुए विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की. महिलाओं, पुरुषों, युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग श्रद्धालु भी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे.
ड्यूटी पर जाने से पहले किया जलाभिषेक
राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के किनारे स्थित इस मंदिर में सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत कई कर्मचारी, विशेषकर महिलाएं, ड्यूटी पर जाने से पहले भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लेने पहुंचीं. इससे सुबह के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही.
सुरक्षा और व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति के सदस्यों ने कतारबद्ध दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था की थी. वहीं मुसरीघरारी थाना पुलिस भी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में मुस्तैद रही. पुलिस और मंदिर समिति के संयुक्त प्रयास से पूरे दिन श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई.
दिनभर बना रहा भक्तिमय माहौल
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति एवं खुशहाली की कामना की. पहली सोमवारी को लेकर पूरे दिन मंदिर परिसर में आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा.
