समस्तीपुर: दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा गांव में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गयी, जब पुलिस एक मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची. पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन इसी दौरान परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया. देखते ही देखते बीच सड़क पर हंगामा शुरू हो गया और भीड़ ने पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ा लिया.
पुलिस आरोपी को पकड़कर ले जाने का कर रही थी प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगा संतोष कुमार अपनी टीम के साथ अनुसंधान के सिलसिले में एक युवक को पकड़कर थाना ले जाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान आरोपी के परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये.
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोपी को छुड़ाने का प्रयास शुरू कर दिया. कुछ ही देर में स्थिति ऐसी हो गयी कि सड़क पर पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने हो गये. भीड़ ने पुलिस के कब्जे से युवक को छुड़ा लिया.
भीड़ ने पुलिस टीम पर किया हमला
आरोपी को छुड़ाने के दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इसमें पुलिस के एक जवान को चोट आयी है. घटना के दौरान काफी देर तक सड़क पर लोगों की भीड़ लगी रही और दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई.
हंगामे के कारण इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने इस दौरान एक महिला को हिरासत में लिया.
2024 के मामले में आरोपी को पकड़ने गयी थी पुलिस
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस वर्ष 2024 के एक मामले में आरोपी को पकड़ने गयी थी. इसी दौरान ग्रामीण और घर के लोग पुलिस टीम से उलझ गये और गिरफ्तार व्यक्ति को छुड़ा लिया.
डीएसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी को छुड़ाने में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर में बाढ़ से 2.33 लाख से अधिक लोग प्रभावित, 58 सामुदायिक रसोई में मिल रहा भोजन
