Mobile Loot Case: दलसिंहसराय पुलिस ने हथियार के बल पर हुई मोबाइल लूट की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से लूटा गया सिल्वर रंग का 5जी मोबाइल भी बरामद किया गया है. पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
7 जुलाई को हुई थी लूट
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि 7 जुलाई 2026 की रात अंगारघाट थाना क्षेत्र के खेवड़ी ढाला गुमटी से लगभग 800 मीटर आगे चौराहे पर राहगीर अंजार आलम से काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर मोबाइल लूट लिया था. पीड़ित के आवेदन पर अंगारघाट थाना कांड संख्या-75/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
तकनीकी जांच से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने भगवानपुर चकशेखू वार्ड-14 निवासी संतोष कुमार उर्फ प्लसर को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
छापेमारी टीम में अंगारघाट थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार, अनुसंधानकर्ता धीरेन्द्र सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: पहली सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में विशेष तैयारी, सुबह 4 बजे खुलेंगे कपाट
