Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के कांचा गांव की एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई. साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से आठ अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 4 लाख 9 हजार 420 रुपये निकाल लिए. पीड़िता ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है.
पीड़िता की पहचान कांचा गांव निवासी राजेश कुमार राय की पत्नी माला कुमारी के रूप में हुई है.
मोबाइल पर आए कई ओटीपी, फिर भी नहीं साझा की कोई जानकारी
माला कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि हाल के दिनों में उनके मोबाइल पर विभिन्न मोबाइल एप्स से कई ओटीपी आए थे. हालांकि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं किया.
इसके बावजूद उनके बैंक खाते से आठ बार में कुल 4.09 लाख रुपये से अधिक की निकासी कर ली गई.
यूपीआई हिस्ट्री देखने पर हुआ खुलासा
पीड़िता ने बताया कि रुपये कटने के दौरान बैंक की ओर से उनके मोबाइल पर किसी प्रकार का ट्रांजैक्शन मैसेज भी नहीं आया. बाद में जब उन्होंने अपने यूपीआई पेमेंट ऐप की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखी, तब उन्हें साइबर ठगी की जानकारी मिली.
इसके बाद वह तत्काल साइबर थाना पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू
साइबर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों की पहचान करने और ठगी की राशि के ट्रांजैक्शन की पड़ताल में जुटी है.
