समस्तीपुर: भाजपा उत्तरी जिला कमेटी में संगठनात्मक असंतोष खुलकर सामने आया है. कल्याणपुर दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्र से जुड़े 11 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रविवार को सामूहिक रूप से अपने पदों से त्यागपत्र देने की घोषणा की. इनमें कल्याणपुर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश कुशवाहा, कल्याणपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष विजय शंकर ठाकुर, कल्याणपुर पश्चिमी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मणि भूषण कुमार, उपाध्यक्ष महेश चौरसिया, बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार और सोमनाथ पंचायत अध्यक्ष राकेश कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं.
मीडिया से बातचीत कर कार्यकर्ताओं ने बतायी नाराजगी
रविवार को कल्याणपुर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश कुशवाहा और दक्षिणी मंडल अध्यक्ष विजय शंकर ठाकुर के नेतृत्व में त्यागपत्र देने वाले कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने भाजपा उत्तरी जिला कमेटी की अध्यक्ष नीलम सहनी पर संगठन में मनमानी, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी नहीं देने के आरोप लगाये.
मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि संगठनात्मक परिस्थितियों और जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली से उत्पन्न असंतोष के कारण कार्यकर्ताओं ने पद छोड़ने का निर्णय लिया है. उन्होंने जिला अध्यक्ष पर अपने पद का कथित रूप से दुरुपयोग कर व्यक्तिगत लाभ लेने का आरोप लगाया.
पार्टी फंड के इस्तेमाल को लेकर भी आरोप
ओमप्रकाश कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं की हकमारी और पार्टी फंड की राशि को संगठनात्मक कार्यों में खर्च करने के बजाय निजी कार्यों में खर्च किये जाने का भी आरोप लगाया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी मंडल तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों को समय पर नहीं दी जाती है. इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है.
मंडल अध्यक्ष बोले- संगठनात्मक निर्णयों से रखा गया दूर
वहीं, कल्याणपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष विजय शंकर ठाकुर ने कहा कि वह जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली से आहत हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें संगठनात्मक निर्णयों से वंचित रखा जाता है. पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना भी समय पर नहीं दी जाती है.
जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया नहीं मिली
इधर, पूरे मामले में भाजपा उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम सहनी की प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी थी.
एक साथ कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के ऐलान के बाद भाजपा उत्तरी जिला कमेटी में संगठनात्मक विवाद गहराने की स्थिति बन गयी है. अब जिला नेतृत्व की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर कार्यकर्ताओं की नजर है.
