Samastipur: सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 40 लोग बीमार, 9 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाये गये

समस्तीपुर के बिथान प्रखंड में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 40 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए. उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा संभाला है.

Samastipur News: बिथान प्रखंड की उजान पंचायत के पड़री गांव में सत्यनारायण भगवान की पूजा का प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से अफरातफरी मच गयी. उल्टी-दस्त, पेट दर्द, डायरिया और डिसेंट्री की शिकायत के बाद बच्चों, महिलाओं और वयस्कों समेत 40 से अधिक लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथान में भर्ती कराया गया. ग्रामीणों के अनुसार, बीमार लोगों की संख्या 100 से अधिक बतायी जा रही है.

प्रसाद खाने के बाद बिगड़ने लगी तबीयत

ग्रामीणों के अनुसार पड़री गांव निवासी राम सकल यादव के घर गुरुवार रात सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गयी थी. पूजा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया.

प्रसाद खाने के कुछ समय बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. शुक्रवार सुबह मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद गांव में हड़कंप मच गया.

परिजन आनन-फानन में बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने लगे. मरीजों की संख्या बढ़ने पर रोसड़ा और हसनपुर से अतिरिक्त एंबुलेंस मंगायी गयीं.

9 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाये गये मरीज

करीब नौ एंबुलेंस की मदद से बीमार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथान पहुंचाया गया. अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया. बिथान के अलावा रोसड़ा और हसनपुर से भी डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया गया. अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गयी.

बीडीओ बबलू कुमार ने बताया कि पूजा का प्रसाद खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चों एवं वयस्कों के प्रभावित होने की सूचना मिली है. करीब 40 मरीजों का सीएचसी बिथान में इलाज चल रहा है. कुछ मरीजों को हसनपुर पीएचसी, रोसड़ा और निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है.

स्वास्थ्य विभाग ने संभाली कमान

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमुद कुमार सिंह की देखरेख में अस्पताल में मरीजों का उपचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर रख रही है. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. सीओ रूबी कुमारी और बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय ने गांव और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

समस्तीपुर के सिविल सर्जन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथान पहुंचे और पूरी रात मरीजों की स्थिति की निगरानी की. रोसड़ा के एसडीओ, डीएसपी और इंस्पेक्टर ने भी अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. एसडीओ संदीप कुमार ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और डॉक्टर बेहतर उपचार में लगे हुए हैं.

विधायक ने अस्पताल पहुंचकर लिया मरीजों का हाल

स्थानीय विधायक राज कुमार राय देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे. उन्होंने मरीजों का हालचाल लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों को इलाज एवं व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया.

समाजसेवी आशीष कुमार मुन्ना भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी फोन के माध्यम से डीएम को दी. उन्होंने ग्रामीणों से घबराने के बजाय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

फूड प्वाइजनिंग की आशंका, जांच के बाद होगी पुष्टि

एक ही स्थान पर पूजा का प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से प्रथमदृष्टया फूड प्वाइजनिंग की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी. फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाये हुए है.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: ननिहाल आई 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >