Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बीएड छात्रा को प्रलोभन देकर यौन शोषण करने और उसे चार महीने का गर्भवती बनाने का गंभीर आरोप लगा है. इस घटना के बाद से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सुस्त रवैया पर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. प्राथमिकी दर्ज होने के दो दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा, लेकिन नामजद आरोपी शिक्षक चंदन कुमार राय अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.
student sexual: स्कूल में बेखौफ डटा रहा आरोपी शिक्षक, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
हैरानी की बात तो यह है कि नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपी शिक्षक मंगलवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसौना में दोपहर एक बजे तक बेखौफ होकर ड्यूटी करता रहा. विद्यालय के सूत्रों के अनुसार, दोपहर बाद वह स्कूल से बाहर निकला. इस घटना को लेकर विद्यालय के पोषक क्षेत्र और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश पनपने लगा है. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि आरोपी शिक्षक अक्सर विद्यालय में मनमाने तरीके से रहते हैं.
योग शिविर के दौरान हुई थी मुलाकात, पुलिस कर रही है तलाश
इलाके में 'योग गुरु' के रूप में अपनी पहचान रखने वाले आरोपी शिक्षक की पीड़िता से मुलाकात दो साल पहले सिंघियाघाट में लगे एक योग शिविर के दौरान हुई थी. आरोप है कि इसके बाद उसने छात्रा को अपने जाल में फंसाया और यौन शोषण किया, जिससे वह चार महीने की गर्भवती हो गई. इस मामले में पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस साक्ष्य संकलित करने और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटी है, तथा आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
