Samastipur News: थाना क्षेत्र के बंगराहा में हुए चर्चित ईशांत हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और शव छिपाने की जानकारी पुलिस को दी है. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है.
पूर्व रंजिश में दोस्त के साथ मिलकर की हत्या
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पूर्व के बकाया विवाद और आपसी रंजिश के कारण उसने अपने साथी चंदन सदा के साथ मिलकर साजिश रची थी. घटना के दिन ईशांत को बुलाकर चाकू से उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को लखनपुर बधार में मिट्टी के नीचे छिपा दिया गया.
तीन दिन बाद ट्रैक्टर से शव दूसरी जगह छिपाया
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि तीन दिन बाद परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर और हैडरेरा की मदद से शव को निकालकर पॉलीथिन में बांधा और गड्ढा खोदकर दूसरी जगह फिर से दफना दिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है.
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सिंघियाघाट स्टेशन पर 7 महीने से खड़ा निष्क्रिय रैक, यात्रियों को 4 फीट नीचे कूदकर उतरना पड़ रहा
