जिले में दिन-ब-दिन बढ़ रही एचआइवी एड्स के मरीजों की संख्या
समस्तीपुर : एचआइवी एड्स जिले में बड़ी तेजी के साथ अपना पांव पसारता जा रहा है. पिछले 12 महीनों में इस गंभीर बीमारी ने कुल 952 लोगों को अपना शिकार बना डाला है.
पिछले कुछ वर्षो में एड्स के मरीजों की संख्या में जिस तरह से बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है इससे साफ जाहिर हो रहा है कि अब समस्तीपुर जिला भी एड्स के रेड जोन की ओर तेजी से बढ़ रहा है. केवल सदर अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर के आंकड़ों पर गौर करें तो अप्रैल 2014 से लेकर अप्रैल 2015 तक कुल 952 पॉजिटिव केस मिले हैं. इनमें 779 मरीजों को जिले के एआरटी सेंटर से दवा दी जा रही है. वहीं आठ मरीजों को अन्य जिलों में स्थानांतरित किया गया है.
खासकर नये मरीजों की संख्या में पिछले कुछ महीनों में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई है. एआरटी सेंटर खुलने के बाद कुछ महीनों तक जहां नये मरीजों की संख्या दस के नीचे थी. वहीं पिछले तीन महीनों में यह संख्या 115 मरीजों तक पहुंच गयी है. प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष के फरवरी माह में जहां एड़स के 13 नये मरीज मिले थे. वहीं मार्च महीने में यह संख्या बढ़कर अचानक 63 हो गयी. हालांकि अप्रैल महीने में इसमें कुछ कमी आयी है.
अप्रैल माह में एड्स के 39 नये मरीज मिले हैं जो पिछले कुछ महीनों की तुलना में काफी अधिक है. एचआइवी एड्स के मरीज पूर्व में जहां जिले के कुछ खास हिस्सों से ही आते थे, वहीं स्थिति अब ऐसी नहीं रह गयी है. अब जिले के लगभग सभी क्षेत्रों में एड्स के मरीजों की पहचान हो रही है. इनमें महिलाओं की संख्या भी कम नहीं है.
हालांकि इसके रोकथाम के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. जिले में आइसीटीसी एवं एआरटी सेंटर भी खोले गये हैं. जहां मरीजों की काउंसेलिंग, जांच एवं दवा की सुविधा उपलब्ध है. इतना कुछ होने के बावजूद एड्स के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी ही नजर आ रही है.
