17 तरह के पहचान पत्र पर कर सकेंगे मतदान
हर मतदाता को मिलेंगे पांच मतपत्र
समस्तीपुर : जिले में पैक्स चुनाव के तीसरे चरण में शुक्रवार को विद्यापतिनगर, रोसड़ा, विभूतिपुर व सिंघिया में वोट डालें जायेंगे. यहां चुनाव के लिये 157 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. जहां 60 हजार मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. मतदान के लिये जिला सहकारिता विभाग ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है.
हर मतदाता को मतदान के लिये पांच मतपत्र दिये जायेंगे. हालांकि, जहां निर्विरोध चुनाव हो चुका है वहां मतपत्रों की संख्या में अंतर होगा. मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ होगा, जो शाम 3 बजे तक चलेगा. सभी चार प्रखंडों में शनिवार को मतगणना की जायेगी. मतदान केंद्र के भीतर पीठासीन पदाधिकारी को छोड़कर अन्य किसी मतदान कर्मी व पोलिंग एजेंट को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी है.
पीठासीन पदाधिकारी भी अपना मोबाइल स्विच ऑफ मॉड में रखेंगे. मतदान के बाहर भी लोगों की चेकिंग की जायेगी. शांतिपूर्ण चुनाव के लिये आवंछित तत्वों को रोकने के लिये मतदान केंद्र पर दंडाधिकारी व आरक्षी बलों की तैनाती की जायेगी. सभी सेक्टर पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी अपने मतदान केंद्र के संदर्भ में हर दो घंटे में रिपोर्ट देंगे. संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, एएनएम, कंपाउंडर को अपने कार्य स्थल पर सुबह सात बजे तक अनिवार्य रूप से पहुंचने का आदेश दिया गया है, जिससे किसी तरह के आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधा लोगों को मिल सके.
मतदान तिथि को मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में कोई दुकानें, प्रतिष्ठान आदि मतदान अवधि के दौरान खुला नहीं रखा जायेगा. चेक बेरियर लगाकर आने जाने वाले वहानों की चेकिंग की जायेगी.
अति संवेदनशील बूथ के कारण बढ़ी समस्या : विद्यापतिनगर. प्रखंड में शुक्रवार को नौ पैक्सों के लिये मतदान कराये जायेंगे. इसमें मनियारपुर, कांचा व सोठगामा में सदस्य पद के लिये भी चुनाव होंगे.
इससे इन जगहों पर पांच बैलेट पेपर पर वोटर को मुहर लगाना पड़ेगा़ गढ़सिसई में अध्यक्ष व दो सदस्य का चुनाव होने से यहां तीन बैलेट मतदाताओं को दिये जायेंगे.
बीडीओ प्रकृति नैनन ने बताया कि मतदान को लेकर प्रखंड को चार सेक्टर में बांटा गया है़ सेक्टर मजिस्ट्रेट के पद पर बीडीओ व सीओ प्रतिनियुक्त किये गये हैं. सभी बनाये गये बूथ समान्य श्रेणी के नहीं है. आठ मतदान केंद्र अति संवेदनशील कहे गए है़ दस बूथ को संवेदनशील बताया गया है.
पर्दानशी महिला मतदाता की पहचान हो सुनिश्चित: बिथान . प्रखंड के सलहाबुजुर्ग पंचायत के मुखिया उरूज अहमद ने शांतिपूर्ण व भयमुक्त चुनाव सम्पन्न कराने के लिये मतदान केंद्र पर पर्दानशी महिला मतदाता के पहचान के लिये महिला सुरक्षा बल की तैनाती की मांग की है. इस बाबत बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया है. नकाबपोश में फर्जी मतदाता होने का संदेह जताया है.
कांचा व मनियारपुर की रिपोर्ट तलब : तीसरे चरण में सदस्यता विवाद के बाद सहकारिता विभाग ने कांचा व मनियारपुर पैक्स के लिये 24 घंटे के अंदर अपनी रिपोर्ट सुपुर्द करने का आदेश बीडीओ को दिया है. जिसके आधार पर यहां निर्वाचन को लेकर आगे कोई निर्णय हो सकता है.
