रिटायर्ड फौजी की बंदूक से चली गोली से कैमरामैन की हुई मौत

समस्तीपुर : शादी समारोह में हुई गोलीबारी मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मृत कैमरामैन बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र के शोकहारा निवासी विजय कुमार ठाकुर के सहकर्मी संजय कुमार राउत के बयान पर केस दर्ज किया गया है. जिसमें दूल्हे के पिता शहर के आदर्शनगर निवासी अशोक कुमार झा एवं […]

समस्तीपुर : शादी समारोह में हुई गोलीबारी मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मृत कैमरामैन बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र के शोकहारा निवासी विजय कुमार ठाकुर के सहकर्मी संजय कुमार राउत के बयान पर केस दर्ज किया गया है. जिसमें दूल्हे के पिता शहर के आदर्शनगर निवासी अशोक कुमार झा एवं भाई प्रणोत कुमार झा उर्फ बबलू के साथ-साथ पंकज कुमार सिंह एवं विवेक विहार मोहल्ला के रिटायर्ड फौजी विश्वनाथ झा को नामजद किया गया है.

जिस बंदूक की गोली से कैमरामैन की मौत हुई है, वह लाइसेंसी दोनाली बंदूक रिटायर्ड फौजी विश्वनाथ झा का ही बतायी जाती है. जिससे आदर्शनगर का पंकज कुमार सिंह बारात में फायरिंग कर रहा था. घटना को लेकर मृत कैमरामैन के ग्रामीण सहकर्मी ने पुलिस को दिये बयान में बताया है कि उन दोनों को फोटोग्राफी के लिए भाड़े पर लाया गया था.
आदर्शनगर से बारात निकलने के साथ ही बारात में शामिल पंकज सिंह एवं दूल्हे का भाई एक दोनाली बंदूक से बेतरतीब फायरिंग कर रहा था. एक बार डर के मारे उसने दूल्हे के पिता एवं भाई से इसकी शिकायत करते हुए ऐसे में काम करने से इनकार भी कर दिया. लेकिन दूल्हे के पिता एवं भाई ने धमकी देते हुए उसे डांट दिया. इसके बाद वे बचते-बचाते फोटोग्राफी करते हुए रेलवे इंद्रालय स्थित विवाह स्थल पर पहुंचे.
बताया जाता है कि वहां भी पंकज उस दोनाली बंदूक से फायरिंग कर रहा था. इसी दौरान दूल्हे का भाई स्वयं फायरिंग करने के लिए पंकज के हाथ से बंदूक लेने का प्रयास किया. लेकिन तब तक गोली चल गयी और पास ही फोटोग्राफी कर रहे विजय की गर्दन में गोली लग गयी. जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने घटनास्थल से दोनाली बंदूक के गोली का दो खोखा भी बरामद किया है. उधर, मृत युवक के परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >