गले में चाकू गोदकर महिला की हत्या, फायरिंग से दहला गांव

गले में चाकू गोदकर महिला की हत्या, फायरिंग से दहला गांव

सलखुआ में घर में घुसकर विवाहिता की हत्या, जमीन विवाद ने ली जान आधी रात दर्जनों हमलावरों का धावा, पति जान बचाकर भागा सलखुआ . थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत अंतर्गत ओरेली भलेवा वार्ड संख्या 7 शनिवार की रात अचानक एक खूनी वारदात का गवाह बन गया, जब अपराधियों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी. इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और गांव में भय, आक्रोश व मातम का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे जब पूरा गांव गहरी नींद में सो रहा था, उसी दौरान दर्जनों की संख्या में बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से घर को घेर लिया. जैसे ही हलचल हुई, मृतका के पति छेलाबिहारी की नींद खुल गई. उसने खतरा भांपते हुए शोर मचाया और छत के रास्ते किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. इधर घर के अंदर अकेली रह गई रौशनी कुमारी अपराधियों के निशाने पर आ गई. बदमाशों ने उसके गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए बाहर फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए. रंजिश की आग में झुलसा घर स्थानीय लोगों के अनुसार होली से पूर्व जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. उसी रंजिश की आग ने इस भयावह हत्या को जन्म दिया. बताया जा रहा है कि उस मामले में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज थी और आरोपित फरार चल रहे थे. मां की मौत, बच्चों का उजड़़ा संसार रौशनी कुमारी की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी. पीछे दो मासूम बच्चे पांच वर्षीय कोमल और तीन वर्षीय गोलू छूट गये हैं. घटना के वक्त दोनों बच्चे ननिहाल में थे, लेकिन इस हादसे ने उनके जीवन से मां का साया हमेशा के लिए छीन लिया. पुलिस एक्शन मोड में घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई अहम सुराग जुटाने का दावा किया है. थानाध्यक्ष के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. गांव में दहशत, लोगों में उबाल घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है और वे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुराने विवाद पर सख्ती से कार्रवाई होती तो शायद यह खौफनाक वारदात टाली जा सकती थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >