रसोई गैस की हो रही निर्बाध आपूर्ति, जल्द होगा सामान्यः डीपीआरओ

रसोई गैस की हो रही निर्बाध आपूर्ति, जल्द होगा सामान्यः डीपीआरओ

सहरसा. मध्य पूर्व एशिया में उत्पन्न वर्तमान संकट के कारण पैदा हुई वैश्विक चुनौतियों के बावजूद केंद्र एवं राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन जिले के उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिला प्रशासन गैस आपूर्ति श्रृंखला की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी परिवार को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े. इस संबंध में मंगलवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय में डीपीआरओ आलोक कुमार ने मीडिया कर्मियों को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले में कार्यरत तीनों प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडेन, भारतगैस एवं एचपी गैस से प्राप्त नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है. उन्होंने बताया कि जिले में इंडेन के कुल 17 वितरक कार्यरत हैं. वर्तमान में कुल लंबित रिफिल बुकिंग 9,666 है. हालांकि औसतन 2,276 सिलेंडर प्रतिदिन की डिलीवरी दर के साथ अधिकांश वितरकों के पास लगभग 4.25 दिनों का बैकलॉग है, जिसे जल्द ही सामान्य कर लिया जाएगा. डीपीआरओ ने यह भी बताया कि वर्तमान में वितरकों के पास 5,160 सिलेंडरों का ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध है. एचपी गैस जिले के प्रमुख वितरकों के पास कुल 7186 पेंडिंग बुकिंग है. आपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश दिया गया है. वहीं भारतगैस के 10 प्रमुख वितरकों के पास मात्र 2610 बुकिंग्स लंबित है. जो स्थिति के काफी हद तक सामान्य होने का संकेत है. उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वाले एवं कालाबाजारी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है. साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न गैस एजेंसियों एवं संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस दौरान कालाबाजारी करते पकड़े जाने पर संबंधित वितरक या व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें. जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक एवं आपूर्ति पाइपलाइन में है. किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला आपूर्ति कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >