मास्ट चढ़ाने को लेकर लिया गया ब्लॉक | Prabhat Khabar Network

सहरसा में रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी, 2 घंटे 15 मिनट के ब्लॉक से ट्रेनें लेट; हाटे बाजार एक्सप्रेस भी रद्द

सहरसा जंक्शन पर तीसरे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक ओर जहां ट्रेनों का परिचालन बाधित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर हाटे बाजार एक्सप्रेस लगातार दूसरे दिन रद्द रही.

सहरसा : सहरसा में शनिवार को रेल यात्रियों की परेशानी दोहरी रही. एक ओर सहरसा जंक्शन पर तीसरे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य को लेकर प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर 2 घंटे 15 मिनट का ब्लॉक लिया गया, तो दूसरी ओर न्यू फरक्का में जमीन धंसने के कारण सहरसा-सियालदह हाटे बाजार एक्सप्रेस लगातार दूसरे दिन रद्द रही. ब्लॉक के कारण सहरसा जंक्शन से एक ट्रेन रद्द करनी पड़ी, जबकि कई ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं.

मास्ट चढ़ाने को लेकर लिया गया ब्लॉक | Prabhat Khabar Network

2 घंटे 15 मिनट बंद रहा प्लेटफार्म 1-2 से परिचालन

तीसरे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए शनिवार सुबह 7:15 बजे से 9:30 बजे तक प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर टीआरडी की ओर से मास्ट चढ़ाने का काम किया गया. इस दौरान दोनों प्लेटफार्म से किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं हुआ.

ब्लॉक समाप्त होने के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया, लेकिन इसका असर कई ट्रेनों के समय पर पड़ा. सुबह से दोपहर तक 10 से अधिक मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें विलंब से चलीं.

सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर रद्द, कई ट्रेनें घंटों लेट

रेल परिचालन पर ब्लॉक का असर

  • 63343 सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर शनिवार को रद्द रही.
  • 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर करीब 4 घंटे विलंब से पहुंची.
  • 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से चली.
  • 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस करीब 1 घंटे 30 मिनट विलंब से चली.
  • 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से चली.
  • 04071 सुपौल-दिल्ली स्पेशल करीब 1 घंटे 20 मिनट विलंब से चली.

8 और 9 सितंबर को फिर लिया जायेगा ब्लॉक

तीसरे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के अगले चरण में 8 और 9 सितंबर को फिर करीब दो घंटे का ब्लॉक लिया जायेगा. रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग की ओर से इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है.

इन दोनों दिनों में सुबह 7:15 बजे से 9:15 बजे तक प्लेटफार्म नंबर एक और दो से ट्रेन परिचालन प्रभावित रहेगा. ललितग्राम-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस के परिचालन के बाद ब्लॉक लिये जाने की योजना है.

11 गार्डर की होगी लॉन्चिंग

8 और 9 सितंबर को तीसरे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 11 गार्डर लॉन्च किये जायेंगे. इसके लिए बड़े क्रेन को मंगाया गया है, जिसे फिलहाल सर्कुलेटिंग एरिया में रखा गया है. पहले चरण में मास्ट चढ़ाने का काम किया गया, अब गार्डर लॉन्चिंग की तैयारी है.

मास्ट चढ़ाने को लेकर लिया गया ब्लॉक | Prabhat Khabar Network

न्यू फरक्का की घटना से हाटे बाजार एक्सप्रेस भी रद्द

इधर, न्यू फरक्का के समीप रेलवे ट्रैक के पास जमीन धंसने के कारण 13163/13164 सहरसा-सियालदह हाटे बाजार एक्सप्रेस शनिवार को भी रद्द रही. ट्रेन लगातार दूसरे दिन नहीं चली.

बीते गुरुवार को न्यू फरक्का के समीप किलोमीटर संख्या 256/31 से 256/35 के बीच भूमि धंसने की घटना हुई थी. इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल परिचालन में बदलाव किया गया है. रेल सूत्रों के अनुसार प्रभावित स्थान पर खतरा अभी बरकरार है, जिसके कारण परिचालन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है.

रविवार को ट्रेन चलेगी या नहीं, अभी सूचना नहीं

खबर लिखे जाने तक रेलवे की ओर से रविवार को हाटे बाजार एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर कोई सूचना जारी नहीं की गयी थी. लगातार ट्रेन रद्द होने और सहरसा जंक्शन पर निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिये जाने से यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है.

तीसरे फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा होने तक अलग-अलग चरणों में ब्लॉक लिये जाने की वजह से आने वाले दिनों में भी कुछ ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ सकता है. यात्रियों के लिए यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >