सौरबाजार. खेत में लहलहाते कच्चे गेंहू की फसल को असामाजिक तत्वों द्वारा काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के खजुरी पंचायत स्थित मुसहरनियां गांव में बुधवार को घटित हुई है. पीड़ित महिला किसान विधवा आशा देवी ने बैजनाथपुर पुलिस को आवेदन देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस को दिए आवेदन में स्वर्गीय शैलेंद्र यादव की पत्नी आशा देवी ने कहा है कि बुधवार को अहले सुबह गांव के हीं कमल किशोर यादव, राजेंद्र यादव, किशोर यादव, रमेश यादव, सुमित कुमार, संजय यादव समेत अन्य लोगों द्वारा मेरे लगभग 12 कट्ठा खेत में लहलहाते गेंहू की फसल की बाली को कच्चे में हीं काटकर बर्बाद कर दिया है. सुबह में देखने पर जब विरोध किया तो ये लोग पूरी मारपीट और गाली-गलौज करने पर उतारू हो गया. उन्होंने आरोपियों पर हथियार के बल पर फसल को क्षति पहुंचाने की बात कही. पीड़िता ने बताया कि इससे पहले थाना में सनहा देकर भी हमलोगों ने इस मामले में प्रशासन को आगाह कराया था. घटना के बाद सामाजिक स्तर पर पंचायत भी बुलायी गयी. जिसमें लोगों ने इस तरह के घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसान बहुत ही मेहनत लगन और खर्च करके अपने खेतों में फसल लगाते हैं. इस तरह फसल को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. मामले में बैजनाथपुर थानाध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि दोनों के बीच जमीन विवाद का मामला चल रहा है. मामले की जांच करवाई जा रही है.
खेत में लहलहाते गेंहू की कच्ची फसल को काटकर किया क्षतिग्रस्त
खेत में लहलहाते कच्चे गेंहू की फसल को असामाजिक तत्वों द्वारा काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है.
