जिले की 54 हजार 153 महिलाओं के खातों में राशि की गयी हस्तांतरित

जिले की 54 हजार 153 महिलाओं के खातों में राशि की गयी हस्तांतरित

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के राशि अंतरण कार्यक्रम का सुना गया सीधा प्रसारण सहरसा . महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जिले में प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो रही है. इसी क्रम में सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया. राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की 25 लाख लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में रोजगार 10-10 हजार रुपये की दर से राशि का प्रत्यक्ष अंतरण किया. यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है. इस अंतरण के तहत जिले की 54 हजार 153 महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की गयी. इससे पूर्व भी जिले में विभिन्न अवसरों पर कुल तीन लाख 56 हजार 241 महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की दर से लगभग 356 करोड़ 24 लाख 10 हजार रुपये की राशि दी जा चुकी है. सोमवार के अंतरण को मिलाकर जिले में अब तक कुल चार लाख 10 हजार 394 महिलाओं को योजना का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो चुका है. जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, डीपीएम जीविका श्लोक कुमार सहित विभिन्न वरीय पदाधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम में दो सौ से अधिक जीविका दीदियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योजना के प्रारंभिक चरण में प्रत्येक लाभार्थी महिला को 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है. आगे रोजगार की प्रगति एवं आवश्यकता के आधार पर विभिन्न चरणों में दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करायी जाएगी. इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार एवं आजीविका के नये अवसर प्रदान करना है. कार्यक्रम जिले के सभी 10 प्रखंडों के 29 संकुल संघों एवं 16 सौ से अधिक ग्राम संगठनों में भी आयोजित किया गया. प्रोजेक्टर, टीवी एवं टैब जैसे डिजिटल माध्यमों से हजारों महिलाएं कार्यक्रम से जुड़ी. जिले भर में कुल दो लाख 47 हजार 855 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता दी. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है. इससे महिलाएं ना केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही है. बल्कि समाज के समग्र विकास में भी सशक्त भूमिका निभा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >