सहरसा में 39 डिग्री तक पहुंचा तापमान, दोपहर में घरों में कैद हुए लोग

Saharsa Weather : सुबह से झुलसाने वाली धूप, दोपहर में सूनी पड़ी सड़कें और घरों में कैद लोग. सहरसा में तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंचते ही लू जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग ने गर्मी से बचाव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि शाम में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र का रिपोर्ट

Saharsa Weather : सहरसा में एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा. दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखी गई.

सुबह से ही बढ़ने लगी तपिश

मंगलवार की सुबह से ही मौसम का मिजाज तल्ख रहा. सूरज निकलने के साथ ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. दोपहर तक गर्म हवाओं और उमस ने स्थिति को और कठिन बना दिया. खासकर खुले में काम करने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों, फुटपाथ दुकानदारों और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.

गर्मी के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए. कई स्थानों पर दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.

बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा असर

भीषण गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ रहा है. अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आने, कमजोरी और गर्मी से जुड़ी अन्य समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और उमस शरीर में पानी की कमी पैदा कर सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.

शाम को बदल सकता है मौसम का मिजाज

अगुवानपुर कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग के तकनीकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दिन के समय तापमान अधिक रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से भी ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है. हालांकि इससे तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है.

प्रशासन और डॉक्टरों ने जारी की एडवाइजरी

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखने की हिदायत दी गई है.

विशेषज्ञों ने कहा है कि बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा शरीर में पानी की कमी नहीं होने दी जाए. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है.

Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >