सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से आयुष कुमार की रिपोर्ट.
Saharsa Road Accident: सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच-107 पर ईदगाह के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दोनों का इलाज फिलहाल सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.
हादसे के बाद मौके पर मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. घायल युवकों की हालत देखकर लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया. इसी दौरान सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन एक कार्यक्रम से लौट रहे थे. भीड़ देखकर उन्होंने वाहन रोका और घटना की जानकारी ली.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुट गए.
पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, दारोगा अमरजीत सिंह, स्वीटी कुमारी, सुधीर कुमार और मुकेश कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. सांसद प्रतिनिधि, पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर पहुंचाया गया.
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया.
पुरानी बाजार जा रहे थे दोनों युवक
घायलों की पहचान रंगीनिया गांव निवासी सुरेश चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र दशरथ चौधरी और राधे सिंह के 27 वर्षीय पुत्र नीतू सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पुरानी बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ईदगाह के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी.
बख्तियारपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया. उन्होंने कहा कि अब तक जख्मी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल दोनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनके परिजन अस्पताल में इलाज पर नजर बनाए हुए हैं.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
