सहरसा से विनय कुमार मिश्र
Saharsa News: भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी सेमेस्टर-II की सैद्धांतिक परीक्षा सोमवार से बनवारी शंकर महाविद्यालय, सिमराहा में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में शुरू हो गई. विश्वविद्यालय की ओर से इस महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां पहले दिन परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हुई.
प्रथम पाली में आयोजित ग्रुप-ए की परीक्षा में कुल 569 परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और अनुशासन की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
विश्वविद्यालय के निर्देशों का हो रहा अक्षरशः पालन
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. योगेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित की जा रही है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया गया है.
प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा संचालन में महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं. सभी वीक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से परीक्षा का सफल संचालन संभव हो रहा है.
शिक्षकों और कर्मियों के सहयोग की सराहना
परीक्षा नियंत्रक प्रो. जयप्रकाश झा ने परीक्षा कार्य में लगे सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण के कारण परीक्षा का संचालन सफलतापूर्वक हो रहा है.
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाली सभी पालियों की परीक्षाएं भी इसी प्रकार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होंगी.
छात्रों में दिखा उत्साह
सेमेस्टर-II की परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया. परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचकर छात्रों ने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में भाग लिया. महाविद्यालय प्रशासन ने भी परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
