अवैध संबंध के विरोध में विवाहिता की हत्या का आरोप, सहरसा के मदनपुर गांव से शव बरामद.
Saharsa news: सिमरी बिख्तियारपुर (सहरसा) से आयुष कुमार की रिपोर्ट:
सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के मदनपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने वार्ड संख्या दो स्थित एक घर से 27 वर्षीय महिला का शव बरामद किया. मृतका की पहचान मदनपुर निवासी मो. जफर की पत्नी रौनक खातून के रूप में हुई है. घटना के बाद घर के सभी सदस्य फरार बताए जा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है.
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराल वाले घर से फरार
मृतका के पिता मो. जाकिर, जो धकजरी गांव के निवासी हैं, ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि मृतका के पति मो. जफर का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिसका रौनक खातून लगातार विरोध कर रही थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
परिजनों के अनुसार, मो. जफर राजस्थान में मजदूरी करता था. वहीं रहने के दौरान उसका किसी अन्य महिला से संबंध हो गया था. इस बात की जानकारी मिलने के बाद रौनक खातून इसका विरोध कर रही थी. आरोप है कि इसी कारण उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी.
राजस्थान से घर लौटने के बाद बढ़ा विवाद
मृतका के पिता ने बताया कि मो. जफर 22 मई को राजस्थान से अपने घर मदनपुर लौटा था. इसके बाद से ही परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था. गुरुवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है. जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
उन्होंने दावा किया कि शव के पास खून के निशान मौजूद थे और घटना के बाद घर के सभी लोग फरार हो गए. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
2018 में हुई थी शादी, दो मासूम बच्चियां हुईं अनाथ.
परिजनों के मुताबिक रौनक खातून की शादी वर्ष 2018 में मो. जफर के साथ हुई थी. शादी के बाद उन्हें दो पुत्रियां हुईं. बड़ी बेटी रौशन खातून करीब चार वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी रेशमी खातून की उम्र लगभग एक वर्ष बताई जा रही है.
बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के कारण रौनक खातून पिछले छह माह से अपने मायके में रह रही थी. वह 11 मई को ही वापस अपने ससुराल मदनपुर लौटी थी. इसी बीच शुक्रवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद दोनों मासूम बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है.
एफएसएल टीम करेगी जांच.
पुलिस मामले की जांच हत्या और पारिवारिक विवाद दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है. बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
