Saharsa News: सहरसा में नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल ठाकुर के अभिनंदन समारोह में नाई समाज ने सिर्फ स्वागत और सम्मान तक कार्यक्रम को सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने रोजगार, सम्मान और सामाजिक अधिकारों से जुड़े कई मुद्दे भी प्रमुखता से उठाये. शनिवार को जिला परिषद स्थित पूजा बैंक्वेट में आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने केश कला बोर्ड के गठन की मांग को सबसे प्रमुखता से रखा.
नाई संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल ठाकुर का फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया. वक्ताओं ने उम्मीद जतायी कि विधान परिषद में पहुंचने के बाद अनिल ठाकुर नाई समाज के साथ-साथ वंचित और जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को भी मजबूती से उठायेंगे.
केश कला बोर्ड बने तो रोजगार और प्रशिक्षण को मिलेगा सहारा
समारोह में नाई समाज के पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों के सामने रोजगार और आर्थिक स्थिरता की चुनौतियां बढ़ी हैं.
ऐसे में केश कला बोर्ड के गठन से इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए प्रशिक्षण, रोजगार, व्यवसाय को बढ़ावा देने और कल्याणकारी योजनाओं को संस्थागत रूप से लागू करने में मदद मिल सकती है.
समाज के लोगों ने विधान पार्षद अनिल ठाकुर से इस मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया.
सहरसा में हो जननायक कर्पूरी ठाकुर की भव्य प्रतिमा
अभिनंदन समारोह में जननायक कर्पूरी ठाकुर की भव्य प्रतिमा जिला मुख्यालय में स्थापित करने की मांग भी उठी.
वक्ताओं ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया. सहरसा में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और विचारों से परिचित होने का अवसर मिलेगा.
समाज के लोगों ने इसे जननायक के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि से जोड़ते हुए विधान पार्षद से इस दिशा में पहल करने की अपील की.
स्टेशन और बस स्टैंड में मिले व्यवसाय की जगह
नाई समाज की रोजी-रोटी से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण मुद्दा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में व्यवसाय के लिए जगह उपलब्ध कराने का रहा.
वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक व्यवसाय करने वाले लोगों को व्यवस्थित स्थान मिलने से उन्हें सम्मानजनक तरीके से रोजगार करने में मदद मिलेगी. इससे उनका व्यवसाय भी व्यवस्थित होगा और परिवार की आजीविका चलाने में सहूलियत होगी.
गरीब और जरूरतमंद परिवारों के मुद्दे भी उठे
कार्यक्रम में नाई समाज की मांगों के साथ समाज के दूसरे वंचित वर्गों के मुद्दों पर भी चर्चा हुई. अनुसूचित जाति और जनजाति, अल्पसंख्यक, दिव्यांग, मजदूर और गरीब परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया.
वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को रोजगार, गरीब मजदूर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल जरूरी है.
Saharsa News: नए विधान पार्षद से बड़ी उम्मीदें
वक्ताओं ने कहा कि अनिल ठाकुर के विधान पार्षद चुने जाने से क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं. अब सहरसा और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को सदन तक पहुंचाने का एक मजबूत माध्यम मिला है.
नाई समाज के लोगों ने उम्मीद जतायी कि अनिल ठाकुर समाज के किसी एक वर्ग तक सीमित न रहकर सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा और विकास से जुड़े व्यापक जनहित के मुद्दों को सदन में उठायेंगे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता नाई संघ जिलाध्यक्ष बिजेंद्र ठाकुर ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष दिलीप ठाकुर ने किया. समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, वैश्य समाज सहरसा जिलाध्यक्ष रामकृष्ण साह उर्फ मोहन साह, भाजपा उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, सिद्धार्थ सिंह सिद्धू और रंजीत दास ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम में नाई संघ सचिव शिवशंकर ठाकुर समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. समारोह उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
